MP Weather Update: प्रदेश में बीते एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। ठंडी हवाओं, साफ आसमान और पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात का तापमान तेजी से गिरा है। हालात यह हैं कि शिवपुरी, इंदौर समेत चार शहरों में पारा हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी नीचे चला गया। इंदौर में दिसंबर की सर्दी ने 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री दर्ज किया, जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ ठंड, शिवपुरी सबसे सर्द
प्रदेश का सबसे ठंडा शहर शिवपुरी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर और शाजापुर के गिरवर में भी 4.1 डिग्री तापमान रहा, जो पचमढ़ी से कम है। राजगढ़ में पारा 5 डिग्री और मंदसौर में 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। साफ है कि मैदानी इलाकों में इस बार सर्दी ने पहाड़ी इलाकों को भी पीछे छोड़ दिया है।
क्यों तेजी से गिर रहा है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और ईरान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तथा उत्तर भारत में बनी तेज जेट स्ट्रीम के कारण ठंडी हवाएं प्रदेश तक पहुंच रही हैं। बादल न होने से रात में जमीन की गर्मी तेजी से निकल रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। तेज हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है। आने वाले दो दिन यानी 20 और 21 दिसंबर को भी राहत के आसार नहीं हैं।
कोहरे से ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित
घने कोहरे ने प्रदेश के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इंदौर-मुंबई फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई, वहीं ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में कई ट्रेनें लेट चल रही हैं। दिल्ली से खजुराहो आने वाली फ्लाइट को कोहरे के कारण बीच रास्ते में बदलाव करना पड़ा।
दिसंबर में 19 में 17 दिन ठंड का प्रकोप
इंदौर में दिसंबर के 19 दिनों में से 17 दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा है। केवल 4 और 5 दिसंबर को ही थोड़ी राहत मिली थी। इस आंकड़े ने साफ कर दिया है कि इस बार सर्दी का मिजाज सामान्य से कहीं ज्यादा तीखा है।
