मध्यप्रदेश में शीतलहर का आगमन, 22 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड वेव का अलर्ट जारी MP Weather News Today

MP Weather News Today : मध्यप्रदेश में एक बार फिर ठंड ने तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा और शीतलहर ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सुबह होते ही सड़कों पर धुंध की चादर बिछी नजर आ रही है और ठिठुरन लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर रही है।

भोपाल समेत कई जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को भोपाल, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में कोल्ड वेव यानी शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। सुबह-शाम ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

22 जिलों में छाया घना कोहरा

प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर समेत 22 जिलों में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, दमोह, सागर और विदिशा में कोहरे का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है।

ट्रेनों और फ्लाइट्स पर भी असर

घने कोहरे की वजह से रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हो रहा है। कई ट्रेनों के देरी से चलने की खबरें सामने आई हैं, वहीं कुछ फ्लाइट्स भी तय समय से लेट हुई हैं। इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, मंडला, शिवपुरी, श्योपुर, नीमच और मंदसौर में भी कोहरा छाया रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।

दृश्यता घटी, सावधानी की सलाह

मंगलवार की सुबह छतरपुर के नौगांव में दृश्यता 500 से 1000 मीटर तक सिमट गई थी। भोपाल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, खजुराहो और मंडला में 1 से 2 किलोमीटर, जबकि इंदौर, राजगढ़, सागर, उज्जैन, जबलपुर और गुना में 2 से 4 किलोमीटर तक विजिबिलिटी दर्ज की गई। रायसेन, शाजापुर, आगर-मालवा और देवास जैसे जिलों में भी घना कोहरा रहा। मौसम विभाग ने कोहरे के दौरान वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और पूरी सावधानी बरतने की समझाइश दी है।

Leave a Comment