MP Today Weather News : देश के कई राज्यों में ठंड ने अपना पूरा जोर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम गलन बढ़ रही है और कोहरे की चादर लोगों की रफ्तार थाम रही है। मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत में कोहरे का कहर
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश और हरियाणा में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं 19 और 20 दिसंबर को पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में सुबह के वक्त घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे की वजह से सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में शीतलहर का येलो अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर और शाजापुर जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य बना रह सकता है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा।
इन जिलों में छाएगा कोहरा
मौसम विभाग ने एमपी के ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की चेतावनी दी है। अगले 48 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक देखने को मिल सकता है।
तापमान में तेज गिरावट
बीते 24 घंटों में भोपाल, इंदौर और शाजापुर जिलों में शीतलहर का असर साफ दिखाई दिया। भोपाल संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 3.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया, जबकि इंदौर और उज्जैन संभाग में यह गिरावट 2.2 से 2.9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस कल्याणपुर (शहडोल) में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह के समय बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़े पहनना और कोहरे में वाहन चलाते समय सतर्क रहना जरूरी होगा।
