IMD Alert: उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी, घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिन मौसम के लिहाज से भारी रहेंगे। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 18 राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत मिलने के आसार कम बताए जा रहे हैं।
यूपी, बिहार और झारखंड में कोल्ड डे का असर
आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सुबह के समय घना से बेहद घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। लखनऊ, जौनपुर समेत पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और फुहारें भी पड़ी हैं। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों ही हिस्सों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। बिहार के सभी 38 जिलों में तापमान गिर चुका है, जिनमें से 16 जिलों में कोल्ड डे और 22 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में ठंड का कहर
राजस्थान में भी सर्दी का असर तेज हो गया है। डूंगरपुर में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री, सीकर में 5.8 और अलवर में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण 23 और 24 दिसंबर को राज्य के पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं हरियाणा और पंजाब में 21 दिसंबर को बारिश का अलर्ट है, जिसके बाद तेज सर्द हवाओं से ठंड और बढ़ने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में शुरू होगा चिल्लई कलां
मौसम विभाग ने बताया कि 21 दिसंबर से जम्मू-कश्मीर में चिल्लई कलां का दौर शुरू हो जाएगा, जो करीब 40 दिनों तक चलता है। इस दौरान अत्यधिक ठंड और भारी बर्फबारी की संभावना रहती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी भारी बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल के लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अगले कुछ दिन भी नहीं मिलेगी राहत
आईएमडी का कहना है कि मौसम शुष्क बने रहने और तापमान में लगातार गिरावट के कारण ठंड और कोहरे से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। अगले पांच से छह दिनों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
