Punjab Winter Holiday News : पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कोहरे की मोटी चादर और बढ़ती ठंड ने सुबह-शाम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासतौर पर स्कूल जाने वाले बच्चों पर इसका असर साफ दिखने लगा है। इसी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने सर्दी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है।
24 दिसंबर से बंद रहेंगे स्कूल
शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार पंजाब के सभी स्कूल 24 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक बंद रहेंगे। यानी बच्चों को पूरे 8 दिन का शीतकालीन अवकाश मिलेगा। यह फैसला बदलते मौसम और गिरते तापमान को ध्यान में रखकर लिया गया है, ताकि बच्चों की सेहत पर ठंड और कोहरे का बुरा असर न पड़े।
सरकारी से लेकर प्राइवेट स्कूलों पर लागू आदेश
जारी निर्देशों में साफ किया गया है कि यह अवकाश राज्य के सभी सरकारी, एडेड और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होगा। किसी भी स्कूल को इसमें अलग से छूट नहीं दी गई है। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को आदेशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है, ताकि किसी तरह की असमंजस की स्थिति न बने।
बढ़ सकती हैं सर्दी की छुट्टियां
मौसम का मिजाज अगर और बिगड़ता है तो बच्चों की छुट्टियां बढ़ भी सकती हैं। शिक्षा विभाग ने जिला अधिकारियों को यह अधिकार दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में तापमान, कोल्ड वेव और कोहरे की स्थिति को देखते हुए फैसला लें। अगर दिसंबर के आखिरी हफ्ते में ठंड ज्यादा बढ़ती है या कोहरा घना होता है, तो स्कूलों को कुछ और दिन बंद रखने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
अभिभावकों को ऐसे मिलेगी जानकारी
अगर छुट्टियों में किसी तरह का बदलाव होता है तो उसकी सूचना स्कूलों के जरिए अभिभावकों तक पहुंचाई जाएगी। ऐसे में माता-पिता को स्कूल से आने वाले संदेशों और सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल बच्चों के चेहरे पर छुट्टियों की खुशी साफ झलक रही है और ठंड के इस मौसम में उन्हें कुछ दिन आराम और घर पर रहने का मौका मिल गया है।
